गाजीपुर| जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष, गाजीपुर में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ तथा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान तथा बाल विवाह मुक्त भारत के तहत व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा 100 दिवसीय बाल विवाह उन्मूलन अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। जिलाधिकारी ने सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के साथ समन्वय स्थापित करते हुए रोस्टर के अनुसार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि गठित समिति के सभी सदस्य बैठकों एवं कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रोबेशन अधिकारी सहित समिति के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।