गाजीपुर| महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, सशक्तिकरण तथा विश्वास का वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान (फेज–5.0) के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में पुलिस विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत थाना खानपुर क्षेत्र के ग्राम तेलियानी स्थित माता सरस्वती शिक्षण संस्थान, तेलियानी में बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इसी क्रम में थाना रेवतीपुर, थाना मोहम्मदाबाद तथा थाना सादात क्षेत्र में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सादात में अनिरुद्ध कुमार द्विवेदी द्वारा पुलिस टीम के साथ महिलाओं को जागरूक किया गया। थाना गहमर, थाना बिरनो क्षेत्र के ग्राम लीलापुर भड़सर, थाना रामपुर मांझा, थाना शादियाबाद के कस्बा कोइरी प्रधान मोड़ स्थित देवनाथ इंटर कॉलेज में बालिकाओं को जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त थाना करंडा के ग्राम कटेरिया, थाना जमानियां, थाना बहरियाबाद, थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहेड़ी सहित जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के कस्बों, बाजारों, स्कूलों/कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास महिलाओं एवं बालिकाओं को मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूक किया गया।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा एवं सम्मान से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें 1090 वूमेन पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102/108 एंबुलेंस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई पोर्टल तथा साइबर अपराध से संबंधित 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं। साथ ही ओटीपी, मीडिया लिंक, एसएमएस लिंक, वेबसाइट लिंक एवं ऑनलाइन प्राइवेसी से संबंधित आवश्यक जानकारियां भी दी गईं। इसके अलावा महिलाओं एवं बालिकाओं को नए कानून बीएनएस एवं बीएनएसएस के प्रावधानों से अवगत कराया गया। स्थानीय थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की जानकारी पंपलेट के माध्यम से दी गई तथा महिला केंद्रित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया। पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान से महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ने का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।