जमानियां। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के टोंगा गांव निवासी एक महिला ने तीन अज्ञात युवकों पर ठगी कर बैग छीनने का आरोप लगाते हुए स्थानीय कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता राधिका देवी के अनुसार 19 दिसंबर 2025 को वह बडेसर नहर के पास फल खरीद रही थीं। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और यह कहकर डराने लगे कि क्षेत्र में चोर सक्रिय हैं, इसलिए जो भी गहने पहने हों उन्हें बैग में सुरक्षित रख लें। उनकी बातों में आकर राधिका देवी ने अपने कान का सोने का झाला और नाक की सोने की कील उतारकर कागज में लपेटकर बैग में रखी ही थीं कि तभी तीनों युवक बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि बैग में पहले से 250 रुपये नकद तथा एक जोड़ी पायल भी रखी थी, जिसे आरोपी अपने साथ ले गए। घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।