जमानियां। कोतवाली क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा के लापता होने के मामले में पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां के अनुसार 18 दिसंबर 2025 को उनकी पुत्री स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन दोपहर बाद घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने छात्रा की काफी खोजबीन की तथा स्कूल व आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। कुछ घंटों बाद परिजनों को जानकारी मिली कि गांव का ही एक युवक उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है। परिजनों द्वारा युवक के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर लड़की से बात हुई, जिसके बाद फोन बंद हो गया। बताया गया कि उक्त युवक का एक दोस्त शाम को गाड़ी लेकर घर वापस आया था और उसी ने युवक का मोबाइल नंबर दिया, जिससे यह भी स्पष्ट हुआ कि उसे घटना की जानकारी थी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा नाबालिग छात्रा की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।