जमानियां। कोतवाली पुलिस ने रविवार को गौवंश तस्करी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिकअप वाहन तथा तीन गोवंश बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित एवं वारंटी गिरफ्तारी अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने रविवार की भोर लगभग 1:30 बजे ग्राम रामपुर दरौली पुलिया के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सन्नी उर्फ शनी यादव (27 वर्ष) निवासी दौदही, अजय कुमार बिंद (22 वर्ष) निवासी हरखुपुर, थाना नंदगंज तथा मनोज यादव (40 वर्ष) निवासी हरपुर के रूप में हुई है। अभियुक्तों के पास से एक पिकअप महिंद्रा बोलेरो वाहन तथा एक गाय और दो बछिया बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली जमानियां में गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सरन नागर ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, हेड कांस्टेबल सूरज कुमार, कांस्टेबल बृजेश यादव एवं कांस्टेबल आलोक तिवारी शामिल रहे।