गाजीपुर| महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, सशक्तिकरण तथा विश्वास का वातावरण सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान (फेज–5.0) के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में पुलिस विभाग द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत थाना खानपुर, मरदह, बिरनो, नोनहरा अंतर्गत ग्राम रसूलपुर हबीबुल्लाह, थाना सुहवल, नंदगंज, भांवरकोल, दिलदारनगर, जंगीपुर, बरेसर सहित जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के कस्बों, बाजारों, स्कूलों/कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बच्चियों के सम्मान एवं सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें 1090 वूमेन पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102/108 एंबुलेंस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई पोर्टल तथा साइबर अपराध से संबंधित 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं। इसके साथ ही ओटीपी, मीडिया लिंक, एसएमएस लिंक, वेबसाइट लिंक एवं ऑनलाइन प्राइवेसी से संबंधित आवश्यक जानकारियां भी साझा की गईं। इसके अतिरिक्त महिलाओं एवं बालिकाओं को नए कानून बीएनएस एवं बीएनएसएस के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। स्थानीय थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की जानकारी पंपलेट के माध्यम से दी गई तथा महिला केंद्रित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया। पुलिस विभाग द्वारा संचालित इस अभियान को स्थानीय नागरिकों का सकारात्मक सहयोग प्राप्त हो रहा है।