गाजीपुर| महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, सशक्तिकरण एवं विश्वास का वातावरण सृजित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान (फेज–5.0) के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में पुलिस विभाग द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
इस अभियान के तहत थाना रामपुर मांझा, बहरियाबाद, नंदगंज, जमानियां, सुहवल, खानपुर, सादात, रेवतीपुर, जंगीपुर, बिरनो सहित जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कस्बों, बाजारों, स्कूलों/कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों आदि के आसपास महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा एवं सम्मान से संबंधित जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें 1090 वूमेन पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102/108 एंबुलेंस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई पोर्टल, साइबर सुरक्षा से संबंधित 1930 साइबर हेल्पलाइन, ओटीपी सुरक्षा, मीडिया लिंक, एसएमएस लिंक, वेबसाइट लिंक एवं प्राइवेसी से जुड़ी जानकारी शामिल रही। इसके साथ ही नए कानून बीएनएस एवं बीएनएसएस के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। स्थानीय थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की जानकारी पंपलेट वितरण के माध्यम से दी गई। साथ ही महिलाओं से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना आदि के बारे में विस्तार से बताते हुए उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।