गाजीपुर| मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद मुख्यालय स्थित विकास भवन सभागार में भारत रत्न, श्रद्धेय पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेई की जन्मशताब्दी के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सपना सिंह, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, प्रोफेसर अनीता कुमारी (प्राचार्य, राजकीय महिला कॉलेज) एवं जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह द्वारा वाजपेई जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने लखनऊ में उद्घाटित प्रेरणा स्थल के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण के माध्यम से श्रवण किया।
कार्यक्रम के दौरान हाल ही में आयोजित जनपद स्तरीय काव्य पाठ, भाषण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार राशि के चेक प्रदान किए गए। काव्य पाठ प्रतियोगिता में विजयलक्ष्मी प्रजापति ने प्रथम, अंकिता सेन ने द्वितीय एवं रिंकी शुक्ल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें क्रमशः 10 हजार, 5 हजार एवं 2,500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। भाषण प्रतियोगिता में प्रज्ञा वर्मा प्रथम, अमृता राय द्वितीय तथा श्रेया मौर्य तृतीय स्थान पर रहीं, जिन्हें भी 10 हजार, 5 हजार एवं 2,500 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्राची कश्यप प्रथम, दिव्या कुशवाहा द्वितीय एवं स्नेहा पांडे तृतीय स्थान पर रहीं, जिन्हें क्रमशः 5 हजार, 3 हजार एवं 2 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर विजेता छात्राओं ने अपने काव्य पाठ एवं विचार प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह की सराहना प्राप्त की। प्राची कश्यप, स्नेहा पांडे, दिव्या कुशवाहा, अनामिका, आकांक्षा एवं अंतिमा द्वारा विचार प्रस्तुति पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह एवं समन्वयक समग्र शिक्षा कुश राय द्वारा उन्हें सम्मान स्वरूप पेन भेंट कर उत्साहित किया गया। मुख्य अतिथि श्रीमती सपना सिंह ने छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य का जिम्मेदार नागरिक बताया।
जिला विद्यालय निरीक्षक श्री प्रकाश सिंह ने श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई को विचारों में दृढ़ता एवं व्यवहार में विनम्रता का प्रतीक बताया, जबकि प्राचार्य प्रोफेसर अनीता कुमारी ने वाजपेई जी के सुशासन को आधुनिक भारत के सर्वांगीण विकास का आधार बताया और छात्राओं से महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. शिव कुमार द्वारा किया गया, संचालन डॉ. संगीता मौर्य ने किया तथा आभार ज्ञापन जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, डीसी मनरेगा विजय कुमार यादव, परियोजना निदेशक दीनदयाल, डॉ. सोनू यादव सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण, अभिभावक तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं राजकीय महिला कॉलेज की छात्राएं उपस्थित रहीं।