गाजीपुर| जिला खेल कार्यालय गाजीपुर एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का समापन आज 25 दिसम्बर 2025 को प्रातः 11 बजे माननीय प्रधानमंत्री द्वारा ऑनलाइन स्क्रीन के माध्यम से देशभर में किया गया। इस अवसर पर जनपद गाजीपुर में आयोजित समापन समारोह में माननीय राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत बिंद, सांसद खेल महोत्सव के संयोजक राजन प्रजापति, जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी अरविन्द यादव सहित खेल संघों के पदाधिकारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सपना सिंह रहीं, जिन्होंने अपने करकमलों द्वारा जनपद स्तर पर आयोजित सांसद खेल महोत्सव का विधिवत समापन किया। कार्यक्रम के अंत में जिला क्रीड़ा अधिकारी अरविन्द यादव ने मुख्य अतिथि, सभी आगंतुकों एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आज आयोजित प्रतियोगिताओं में खो-खो (बालक वर्ग), हॉकी (जूनियर/सीनियर बालक वर्ग), कुश्ती (बालक/बालिका वर्ग) एवं कबड्डी (बालिका वर्ग) शामिल रहीं, जिनमें कुल 464 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खो-खो प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया। सीनियर बालक वर्ग के फाइनल में सदर ने सैदपुर को 29–17 अंकों से पराजित किया। जूनियर वर्ग के फाइनल में सदर ने जंगीपुर को 8–7 अंकों से हराकर जीत दर्ज की। निर्णायक की भूमिका में प्रशिक्षक राधेश्याम सिंह यादव, शिवानी राय, अंशु यादव, दिनेश राय एवं पिंटू यादव रहे।
कबड्डी प्रतियोगिता में कुल सात टीमों ने प्रतिभाग किया। जूनियर वर्ग के फाइनल में जमानिया ने सैदपुर को 27–05 अंकों से पराजित किया। सब-जूनियर वर्ग के फाइनल में जंगीपुर ने सदर को 15–06 अंकों से हराया। निर्णायक के रूप में प्रशिक्षिका अंजनी वर्मा, अनिल कुमार, राजेश सिंह यादव, सेराज अहमद एवं अजय गुप्ता रहे। हॉकी प्रतियोगिता में जूनियर बालक वर्ग के फाइनल में सदर ने जंगीपुर को 7–6 अंकों से तथा सीनियर बालक वर्ग के फाइनल में सदर ने सैदपुर को 19–16 अंकों से पराजित किया। निर्णायक की भूमिका में बृजेश कुमार, करण कुमार, बृजेश यादव एवं मुनीष अहमद रहे। कुश्ती प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। विजेता खिलाड़ियों की सूची पृथक रूप से अंकित की गई। निर्णायक के रूप में कुश्ती प्रशिक्षक प्रेमचंद यादव, जिला कुश्ती संघ के सचिव कमलेश यादव, अजय बिंद एवं एस.एन. यादव रहे। सांसद खेल महोत्सव के सफल आयोजन एवं समापन पर जनपद के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजकों में उत्साह का माहौल रहा।