गाजीपुर| जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गहमर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गहमर थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर तथा एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 27.12.2025 को प्रभारी निरीक्षक थाना गहमर एवं चौकी प्रभारी सेवराई पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गहमर हत्या कांड में वांछित अभियुक्त थाना क्षेत्र में मौजूद है तथा फरार होने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मठिया घाट के पास पहुँची, जहाँ सामने से आ रहे एक व्यक्ति ने पुलिस टीम को देखकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ संतुलित जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें अभियुक्त के बाएँ पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा, गाजीपुर भेजा। मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में विधिक कार्रवाई करते हुए अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।
गिरफ्तार/घायल अभियुक्त का विवरण:
ओम सिंह पुत्र सुनील सिंह, निवासी ग्राम गहमर पट्टी खेलूराय, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर, उम्र लगभग 19 वर्ष।
आपराधिक इतिहास:
अभियुक्त के विरुद्ध थाना गहमर में हत्या सहित कई गंभीर धाराओं में कुल 06 अभियोग पूर्व से पंजीकृत हैं, जिनमें बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धाराएँ शामिल हैं।
बरामदगी:
एक अदद अवैध देशी तमंचा .315 बोर
एक अदद खोखा कारतूस .315 बोर
पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, थाना गहमर (मय टीम)| चौकी प्रभारी सेवराई (मय टीम)
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।