गाजीपुर| पुलिस महानिदेशक यूपी–112 श्रीमती नीरा रावत के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नोडल अधिकारी डायल–112 के पर्यवेक्षण में यूपी–112 मुख्यालय लखनऊ द्वारा जनपद गाजीपुर में यूपी–112 सेवाओं के व्यापक प्रचार–प्रसार के उद्देश्य से जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद गाजीपुर के डायल–112 प्रभारी एवं आपात सेवा यूपी–112 के नोडल प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर आमजन को आपात सेवा यूपी–112 के प्रति जागरूक किया गया।
यह जन-जागरूकता अभियान 29 एवं 30 दिसंबर 2025 तक नुक्कड़ नाटक एवं एलईडी वैन के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत पीजी कॉलेज चौराहा, रेलवे स्टेशन गाजीपुर तथा तहसील मुहम्मदाबाद सहित प्रमुख स्थानों पर गीत-संगीत, एलईडी वैन और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक एवं एलईडी वैन पर प्रदर्शित संदेशों तथा प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से नागरिकों को डायल–112 सेवा से जोड़ने का प्रयास किया गया, साथ ही सहभागिता बढ़ाने के लिए लोगों को उपहार देकर सम्मानित भी किया गया।
एलईडी वैन पर प्रदर्शित जागरूकता संदेशों के माध्यम से कॉल रिस्पॉन्स सिस्टम, महिला सुरक्षा से जुड़ी सेवाएं, महिला सुरक्षा के लिए नाइट एस्कॉर्ट सेवा तथा आपात स्थिति में सुरक्षित सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल एवं सहज भाषा में समझाया गया। वहीं नुक्कड़ नाटक के पात्रों द्वारा वास्तविक जीवन की परिस्थितियों का मंचन कर यह बताया गया कि अपराध, दुर्घटना अथवा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में यूपी–112 पर कॉल कर त्वरित सहायता कैसे प्राप्त की जा सकती है। नुक्कड़ नाटक का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना रहा कि यूपी–112 सेवा का उपयोग करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और यह समय पर सहायता प्राप्त करने का एक सशक्त माध्यम है। इस अभियान का लक्ष्य आम जनता में जागरूकता बढ़ाना, समाज में सुरक्षा की भावना विकसित करना तथा अपराधों की रोकथाम के लिए नागरिकों को सतर्क करना है। कार्यक्रम के माध्यम से आम जनता, छात्र-छात्राओं, महिलाओं एवं पुरुषों को किसी भी आपात स्थिति में 112 पर कॉल करने के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया गया। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप आपात सेवा यूपी–112 तथा उत्तर प्रदेश पुलिस की अन्य सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार निरंतर किया जा रहा है।