गाजीपुर| युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ गाजीपुर, उत्तर प्रदेश द्वारा विकासखंड सदर में दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन प्राथमिक कन्या पाठशाला, बबेड़ी में किया गया, जिसमें कुल 12 टीमों ने प्रतिभाग किया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में तलवल एवं डीलिया की संयुक्त टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि युवा मंडल बबेड़ी उपविजेता रही। कबड्डी प्रतियोगिता में युवा मंडल बबेड़ी विजेता तथा युवा मंडल सकरताली उपविजेता रही।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के अंतर्गत 100 मीटर बालिका दौड़ में अंजलि दीप ने प्रथम, अर्पिता यादव ने द्वितीय एवं अंशिका यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में सुरभि प्रथम एवं आमनी द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं लंबी कूद एवं ऊंची कूद स्पर्धा में उत्कर्ष ने प्रथम, अमन ने द्वितीय तथा प्रिंस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण ग्राम प्रतिनिधि संजय यादव एवं परिवार परामर्श केंद्र गाजीपुर के काउंसलर कमरुद्दीन द्वारा किया गया। उन्होंने ‘मेरा युवा भारत’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल भावना के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम का संचालन राम आधार यादव द्वारा किया गया। आयोजन में युवाओं एवं स्थानीय खेल प्रेमियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।