जमानिया। क्षेत्र के एसआरएनएसएस पब्लिक स्कूल में लोहड़ी का पर्व गुरुवार को बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उल्लासपूर्ण वातावरण देखने को मिला। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने अलाव प्रज्वलित कर सुख-समृद्धि की कामना की तथा सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रांगण में पवित्र अग्नि (अलाव) प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने पारंपरिक लोकगीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सभी ने अलाव के चारों ओर एकत्र होकर तिल, गुड़, रेवड़ी और मूंगफली का प्रसाद ग्रहण किया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के निर्देशक रणविजय सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोहड़ी का पर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी को लोहड़ी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खुशियां बांटने से समाज में सहयोग और समरसता को मजबूती मिलती है| कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे और उन्होंने इस सांस्कृतिक आयोजन का भरपूर आनंद लिया।