गाजीपुर। सेवराई तहसील क्षेत्र के सेवराई ग्राम स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र एवं जूनियर हाईस्कूल परिसर में गुरुवार को मकर संक्रांति का पर्व समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा सेवा एवं सामाजिक समरसता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जमानियां विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने प्रत्येक वर्ष की भांति हजारों असहाय, गरीब व जरूरतमंद लोगों को अपने हाथों से दही-चूड़ा व खिचड़ी खिलाकर सम्मानपूर्वक कम्बल वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में कमजोर व बीमार लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाओं का वितरण किया गया। वहीं मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव का 48वां जन्मदिन केक काटकर उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजवादी विचारधारा के महापुरुषों के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके उपरांत लाल-हरे रंग के गुब्बारे एवं पतंग उड़ाकर सामाजिक एकता और उल्लास का संदेश दिया गया। विधायक ओमप्रकाश सिंह विगत 36 वर्षों से मकर संक्रांति के अवसर पर बनवासी एवं असहाय समाज के लोगों को भोजन कराकर तथा कम्बल वितरण कर पर्व मनाते आ रहे हैं। मुख्य अतिथि गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी ने कहा कि समाज के शोषित और कमजोर वर्ग की सेवा ही सच्चा समाजवाद है। जरूरतमंदों की पीड़ा दूर करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और उनकी दुआएं ही समाज की प्रगति का मार्ग प्रशस्त करती हैं। विधायक ओमप्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवाद वह परिवार है, जिसमें समाज के हर वर्ग का समान रूप से विकास हो। गरीब और वंचितों की सेवा समाजवाद की आत्मा है। जब तक समाज में गरीब रहेंगे, तब तक समाजवादी उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने महंगाई और आर्थिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए समाज में भाईचारा, समरसता और उदारता को मजबूत करने की अपील की।
स्वास्थ्य शिविर में पॉपुलर हॉस्पिटल वाराणसी, सिंह हॉस्पिटल एवं आशा आश्वी हॉस्पिटल दिलदारनगर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा के वरिष्ठ चिकित्सकों ने सैकड़ों मरीजों का परीक्षण कर दवाएं वितरित कीं।
इस अवसर पर महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह, सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, जंगीपुर विधायक वीरेंद्र यादव, मुहम्मदाबाद विधायक मन्नू अंसारी, राष्ट्रीय महिला सचिव सौर्या सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, महिला सभा जिलाध्यक्ष विभा पाल, पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा विधानसभा अध्यक्ष अनिल यादव ने की, जबकि संचालन विधायक प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने किया।