गाजीपुर। अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को रायफल क्लब कलेक्ट्रेट सभागार में नियोजन विभाग द्वारा कराए जा रहे पी.एल.एफ.एस. एवं आशुष सर्वेक्षण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह सर्वेक्षण जुलाई 2025 से जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में सटीक आंकड़ों का संकलन करना है।
बैठक में बताया गया कि पी.एल.एफ.एस. (पीरियॉडिक लेबर फोर्स सर्वे) के अंतर्गत रोजगार एवं बेरोजगारी से संबंधित आंकड़े एकत्र किए जाएंगे, जबकि आशुष सर्वेक्षण के माध्यम से अनिगमित क्षेत्रों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं गैर-पंजीकृत संस्थानों से संबंधित आंकड़ों का संकलन किया जाएगा। इन आंकड़ों के आधार पर जनपद की आर्थिक गतिविधियों की प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भागीदारी का आकलन किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने जनपद के सभी औद्योगिक एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों से अपील की कि वे सर्वेक्षण कार्य में लगे कार्मिकों को सही, सटीक एवं पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे भविष्य में सरकार द्वारा जनहितकारी एवं रोजगारोन्मुखी योजनाएं तैयार करने में सहयोग मिल सके।उन्होंने कहा कि आंकड़ों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता से ही नीतिगत निर्णय प्रभावी बनते हैं, इसलिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी चंद्रशेखर प्रसाद, उपायुक्त उद्योग, सहायक निदेशक कारखाना, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।