जमानिया। नगर पालिका परिषद सभागार में रविवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के हिस्से के रूप में आयोजित इस समारोह में नगर क्षेत्र के 346 लाभार्थियों को आवास की प्रथम किस्त के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। स्वीकृति पत्र प्राप्त करते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर में ट्रिपल इंजन सरकार होने के कारण विकास कार्य पूरी गति से आगे बढ़ रहे हैं। चेयरमैन ने सभी लाभार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। भाजपा के पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी है। लाभार्थियों के खातों में सीधे धनराशि भेजे जाने से भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा है। उन्होंने कहा कि पक्का आवास मिलने से गरीब परिवारों को न केवल सुरक्षित छत मिलेगी, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। इस दौरान अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार एवं डूडा के जेई अंशुमान यादव ने योजना से जुड़ी तकनीकी जानकारियां तथा आगामी किस्तों की प्रक्रिया के बारे में लाभार्थियों को विस्तार से अवगत कराया। कार्यक्रम में भाजपा विधानसभा मीडिया प्रभारी संजीत यादव, विभिन्न वार्डों के सभासदगण तथा नगर पालिका के कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।