जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हमीदपुर में खेत की सिंचाई को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित श्रीनारायण बिन्द ने इस संबंध में कोतवाली में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के अनुसार वह इंजन चलाकर अन्य लोगों के खेतों में पानी भरने का कार्य करता है। शनिवार की सुबह लगभग 9 बजे, जब वह गांव के ही एक व्यक्ति के खेत की सिंचाई कर रहा था, तभी राजनाथ बिन्द और लक्ष्मीकान्त बिन्द वहां पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने उसे जबरन पानी भरने से मना किया और विरोध करने पर भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की घटना में श्रीनारायण बिन्द को काफी चोटें आई हैं। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच की जा रही है।