जमानिया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत रविवार को तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने विधानसभा जमानियां क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जीवपुर, मतसा, ढढनी भानमल राय एवं सबलपुर सहित कई बूथों पर पहुंचकर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और बेहतर कार्य के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक संख्या में फॉर्म-6, 7 एवं 8 भरवाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फॉर्म-6 के साथ मतदाता का मोबाइल नंबर एवं आधार कार्ड लेना अनिवार्य है तथा आवेदन पत्र में मोबाइल नंबर की प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मतदाता सूची में खराब या त्रुटिपूर्ण फोटो को तत्काल ठीक कराने के निर्देश भी दिए गए। महिला मतदाताओं के पंजीकरण को लेकर तहसीलदार ने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि 25 वर्ष से अधिक आयु की ऐसी महिलाएं, जिनके नाम के आगे अभी भी पिता का नाम दर्ज है, उनकी स्थिति की जांच की जाए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि विवाह के पश्चात नाम में आवश्यक संशोधन किया जाना है या नहीं।
उन्होंने बीएलओ को सौंपी गई एएसडीडी (ASDD) सूची का मुख्य मतदाता सूची से मिलान करने के निर्देश दिए, जिससे मृत, स्थानांतरित अथवा दोहराए गए नामों को हटाया जा सके। तहसीलदार ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा देश के 12 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर फॉर्मों का वितरण किया जा चुका है तथा भारत निर्वाचन आयोग की ओर से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने मतदाताओं के बीच फैली भ्रांतियों को भी दूर किया। उन्होंने कहा कि कई बार मतदाताओं को यह आशंका रहती है कि उनका नाम जानबूझकर सूची से हटा दिया गया है, जबकि एसआईआर (SIR) फॉर्म एवं मतदाता सूची के अवलोकन के बाद मतदाता पूरी तरह संतुष्ट नजर आए। वर्तमान में सभी बीएलओ निर्धारित समय तक अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को जागरूक कर रहे हैं तथा उन्हें मतदाता सूची का अवलोकन कराया जा रहा है।