जमानिया। स्थानीय क्षेत्र के मलसा स्थित श्री शिवपूजन इंटर कॉलेज का 87वां वार्षिकोत्सव सोमवार को हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद वाराणसी श्री विनोद राय ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, भक्ति एवं लोक गीतों के साथ-साथ आकर्षक नाट्य प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे समारोह में उत्सव का माहौल बना दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री विनोद राय ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुदृढ़ शिक्षा व्यवस्था के माध्यम से ही वर्तमान पीढ़ी का भविष्य संवारा जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि जहां फैक्ट्रियों में वस्तुओं का निर्माण होता है, वहीं विद्यालयों में शिक्षक एक संपूर्ण और संस्कारित मानव का निर्माण करते हैं, जो राष्ट्र की मजबूत नींव बनता है। उन्होंने कहा कि यदि वशिष्ठ और संदीपनी जैसे महान गुरु न होते, तो राम और कृष्ण जैसे आदर्श व्यक्तित्वों का विकास संभव न होता। उन्होंने कॉलेज की उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसे शिक्षा, संस्कृति और खेलकूद के क्षेत्र में एक मील का पत्थर बताया। विशिष्ट अतिथि छविनाथ मिश्र ने भी विद्यालय के प्रयासों की प्रशंसा की।bसमारोह के दौरान मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य अतिथियों को बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही शैक्षिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता चंद्रेश राय ने की, जबकि संचालन पूर्व प्रवक्ता सच्चिदानंद दूबे ने अपने विशिष्ट शायराना अंदाज में किया, जिससे दर्शक अंत तक जुड़े रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद एवं सतीश राय ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आलोक रंजन श्रीवास्तव, अवधेश राय उर्फ बबलू, अध्यक्ष पंकज राय, पूर्व उपप्रधानाचार्य विजयशंकर राय, सुमित राय, रत्नेश राय, संतोष तिवारी, अश्विनी चौबे, संजय पांडेय और सतीश राय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।