जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के मथारे गांव में सोमवार की शाम नाली के पानी और पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मामले में पीड़िता फिरोजा बेगम ने अपने ही पट्टीदारों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम मथारे निवासी फिरोजा बेगम पत्नी अख्तर बेग द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, 19 जनवरी 2026 की शाम लगभग 4 बजे गांव के ही कलीम बेग, उनकी पुत्रियां रुक्सार व शिबा तथा पत्नी फिरदौस ने नाली के विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसे से पीड़िता पर हमला कर दिया। शोरगुल सुनकर जब पीड़िता की पुत्री जैनब और देवरानी हसीना बेगम बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान घर में रखी वाशिंग मशीन भी तोड़ दी गई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो चुकी है, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।