जमानिया। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड की स्थानीय शाखा के प्रबंध समिति एवं शाखा प्रतिनिधियों के निर्वाचन को लेकर मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया का शुभारंभ हुआ। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नए कार्यक्रम के तहत शाखा प्रतिनिधियों के चुनाव कराए जा रहे हैं। नामांकन के पहले दिन दो प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र खरीदे।
निर्वाचन अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी अरविंद कुमार यादव तथा बैंक के शाखा प्रबंधक आर.के. श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक रमाशंकर उपाध्याय एवं धनंजय मौर्य ने नामांकन फार्म प्राप्त किए हैं। आयोग के निर्देशानुसार नामांकन पत्रों की जांच (परिनिरीक्षण) 21 जनवरी को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक की जाएगी। उसी दिन वैध नामांकन पत्रों की सूची भी जारी की जाएगी।नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों के समर्थकों की काफी भीड़ देखी गई। इस अवसर पर धनंजय मौर्य, रमाशंकर उपाध्याय, अरविंद सिंह, राजू कुशवाहा, कृष्णा मौर्य, अभिषेक राय, रविंद्र राय, दाऊ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, यदि आवश्यक हुआ तो मतदान 27 जनवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक कराया जाएगा, तथा मतगणना एवं परिणामों की घोषणा उसी दिन कर दी जाएगी। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए बैंक प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस बल की तैनाती की गई है।