जमानियां (गाजीपुर)। क्षेत्र के अग्रणी शिक्षण संस्थान आदित्य इंटर कॉलेज के प्रांगण में सोमवार को शिक्षक किसलय कांत सिंह द्वारा अपने पिता स्वर्गीय शिक्षक कैलाश सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री व विधायक ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य आमंत्रित अतिथियों द्वारा स्वर्गीय शिक्षक कैलाश सिंह के तैल चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने अपने कर-कमलों द्वारा जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची श्रद्धांजलि होती है। सेवा ही सबसे बड़ा धर्म और कर्म है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को चाहिए कि वे ठंड के मौसम में जरूरतमंदों की सहायता करें, जिससे सामाजिक समरसता और भाईचारा मजबूत हो। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य ओमनारायण राय, अनुराग पांडेय, प्रदीप कुमार, सुरेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, बृजेश कुमार, प्रदीप श्रीवास्तव, मनोज सिंह, श्यामनारायण सिंह, दिनेश रावत, जनार्दन यादव, राजू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरुण कुमार ने किया।