जमानियां| जमानियां क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजपुर और चितावनपट्टी के बीच दिनदहाड़े बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक युवक और उसकी बहन को निशाना बनाते हुए झपटामारी की घटना को अंजाम दिया। बदमाश युवक के कंधे से बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जमानियां कस्बा निवासी प्रकाशवीर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 20 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे वह अपनी बहन स्नेहलता को इलाज के लिए मोटरसाइकिल से गाजीपुर ले जा रहे थे। जैसे ही वे ताजपुर और चितावनपट्टी के बीच पहुंचे, तभी पीछे से एक बिना नंबर की काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश युवक उनकी बाइक के पास आ गए। बदमाशों ने झपट्टा मारकर प्रकाशवीर के कंधे पर टंगा काले रंग का बैग छीन लिया।
पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग जब तक मदद के लिए पहुंचते, तब तक बदमाश गाजीपुर की ओर फरार हो चुके थे। घटना के बाद भाई-बहन काफी भयभीत और बदहवास हो गए। पीड़ित के अनुसार, छीने गए बैग में 20 हजार रुपये नगद, एक जोड़ी पुरानी चांदी की पायल, नौ बिछिया, एक तांबे की बोतल और घर की चाबियां थीं। इसके अलावा बैग में मोटरसाइकिल के कागजात (आरसी, बीमा, प्रदूषण), आधार कार्ड, पैन कार्ड और तीन डायरियां भी रखी थीं। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।