जमानिया| अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जमानिया कोतवाली पुलिस को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने झपटामारी और लूट की वारदात में शामिल दो शातिर अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई घटना के मात्र 12 घंटे के भीतर की गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ताजपुर और चितावनपट्टी के बीच लूट की घटनाओं में शामिल अपराधी किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। भैदपुर से लहुवार रोड नहर तिराहे के पास खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में मुख्य अभियुक्त अरमान कुरैशी घायल हो गया, जिसे तत्काल सीएचसी जमानिया में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (.315 बोर), दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा झपटामारी के 15,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अरमान कुरैशी (22) और दिलनवाज उर्फ शाहरुख (20) के रूप में हुई है। दोनों जमानिया कस्बे के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य अभियुक्त अरमान कुरैशी का आपराधिक इतिहास लंबा है। उस पर जमानिया, कोतवाली, सुहवल और नगसर हाल्ट सहित विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, पशु क्रूरता, आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा बिहार के कैमूर जिले में हत्या (धारा 302) का एक मामला भी दर्ज है।इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि झपटामारी और लूट की घटनाओं में शामिल दोनों अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। बरामदगी के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।