जमानिया|जमानिया कोतवाली क्षेत्र के रईमला गांव में गुरुवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए कमरे में बंधी दो भैंसों को चोरी कर लिया। घटना के बाद से गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में पशुपालकों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
पीड़ित महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। रईमला गांव निवासी आरती देवी ने पुलिस को दी गई लिखित तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी दो भैंसों को घर के अंदर एक कमरे में ताला लगाकर बांध रखा था। शुक्रवार सुबह जब वह कमरे में पहुंचीं, तो ताला टूटा हुआ मिला और अंदर बंधी दोनों भैंसें गायब थीं। पीड़िता द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद जब पशुओं का कोई सुराग नहीं लगा, तो उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि मामला फिलहाल उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि तहरीर प्राप्त होते ही मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।