जमानिया| क्षेत्र के बरूईन गांव स्थित एसआरएनएसएस पब्लिक स्कूल में शनिवार को अभिभावक–शिक्षक बैठक के अवसर पर शैक्षणिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यालय के चारों हाउस के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल और परियोजनाओं के माध्यम से अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और समकालीन विषयों की समझ का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
रेड हाउस के विद्यार्थियों ने भारत के सौर मिशन “आदित्य-एल1” पर आधारित मॉडल प्रस्तुत कर अंतरिक्ष विज्ञान में देश की उपलब्धियों को दर्शाया। ग्रीन हाउस के विद्यार्थियों ने “सोशल मीडिया का प्रभाव” विषय पर परियोजना के माध्यम से इसके सकारात्मक व नकारात्मक पहलुओं को सरल ढंग से समझाया। येलो-ग्रीन हाउस ने “ग्रीन हाइड्रोजन मिशन” पर आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, ब्लू हाउस के विद्यार्थियों ने “चैट जीपीटी” विषय पर आधारित मॉडल के जरिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की कार्यप्रणाली और उपयोगिता को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त चार्ट आधारित परियोजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्थानीय विरासत, ऐतिहासिक महत्व और सांस्कृतिक पहचान को भी उकेरा, जिसकी अभिभावकों और शिक्षकों ने सराहना की। कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए विद्यालय के प्रबंध निदेशक रणविजय सिंह ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रदर्शनियां छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास विकसित करती हैं। प्रधानाचार्य नदीम खान ने शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को मंच मिलता है। इस अवसर पर ओम प्रकाश सिंह, पप्पू सिंह, लक्ष्मण खरवार, आशीष प्रजापति, नरमा यादव, दीपक सिंह, आशुतोष राय, निमा सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।