जमानिया। क्षेत्र के सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार को भारत का 77वां गणतंत्र दिवस बड़े उत्साह, गौरव और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री एस.पी. मौर्य एवं प्रिंसिपल श्री एल.डी. जेना द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ किया गया। इसके पश्चात सामूहिक राष्ट्रगान से पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति से गुंजायमान हो उठा।
ध्वजारोहण के उपरांत छात्र-छात्राओं द्वारा विविध रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक एवं ओजस्वी भाषणों के माध्यम से भारतीय संविधान के महत्व तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण कराया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों को भावविभोर कर दिया।इस अवसर पर प्रिंसिपल श्री एल.डी. जेना ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को संविधान द्वारा प्रदत्त न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही राष्ट्र के भविष्य निर्माता हैं और उन्हें देश की एकता एवं अखंडता के लिए सदैव सजग और समर्पित रहना चाहिए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की प्रगति, विकास एवं सेवा के लिए समर्पित होकर कार्य करने की शपथ के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय कोऑर्डिनेटर श्री नफीस अंसारी, काउंसलर सुश्री शबीना खान सहित विभिन्न हाउसों के प्रमुख उपस्थित रहे। इनमें सुश्री काजल गुप्ता (एपीजे अब्दुल कलाम हाउस), सुश्री दिव्यांशी यादव (भगत सिंह हाउस), सुश्री प्रीति जायसवाल (सरदार पटेल हाउस) एवं सुश्री नसरीन खातून (सरोजिनी नायडू हाउस) शामिल थीं।कार्यक्रम को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षा शिक्षक श्री अजय शर्मा तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
