जमानिया। नगर स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट्रल पब्लिक स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। देशभक्ति के रंग में रंगे इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत प्रदर्शन किया।
समारोह का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक रेशु जालान द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। तिरंगा फहराने के पश्चात उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर प्रबंधक रेशु जालान ने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह दिन हमें हमारे संविधान की शक्ति और महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों की याद दिलाता है। उन्होंने छात्रों को भविष्य का जिम्मेदार नागरिक बनने और देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। ध्वजारोहण के उपरांत विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची रही। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य, नाटक और ओजस्वी भाषण प्रस्तुत किए। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा विद्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी और भारी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। अनुशासन और उमंग के साथ आयोजित इस समारोह का समापन मिठाई वितरण के साथ हुआ।