जमानिया। नगर स्थित सरस्वती शिशु मन्दिर के प्रांगण में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राम सिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के स्वरूपों से सुसज्जित भव्य झांकी निकाली गई। गाजे-बाजे के साथ निकली यह झांकी नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करती हुई पुनः विद्यालय प्रांगण पहुंची। नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने झांकी का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा भारत माता के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। झांकी के उपरांत विद्यालय परिसर में आयोजित सभा में छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रभाकर पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें उन अमर शहीदों और संविधान निर्माताओं के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है, जिनके कारण आज हम एक स्वतंत्र एवं लोकतांत्रिक राष्ट्र में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय मूल्यों एवं आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रमेश चन्द्र सिंह, ऋषिकेश उपाध्याय, पंकज यादव, गुलाब वर्मा, अरविन्द वर्मा, अजीत यादव, रामचन्द्र राम, सुरेन्द्र प्रजापति, श्यामलाल यादव, नारायण जालान एवं रोहित पाण्डेय सहित विद्यालय के समस्त आचार्यगण तथा नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन रवि द्वारा किया गया।