गाजीपुर। जिला खेल कार्यालय गाजीपुर एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर बालक एवं बालिका वर्ग की 10 किलोमीटर साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 70 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रेस का शुभारंभ प्रातः 9 बजे नेहरू स्टेडियम गेट से किया गया। निर्धारित मार्ग के अनुसार रेस नेहरू स्टेडियम गेट से पी.जी. कॉलेज चौराहा, पुलिस लाइन गेट होते हुए महाराजगंज तिराहा तक गई तथा पुनः उसी मार्ग से वापस लौटते हुए नेहरू स्टेडियम गेट पर समाप्त हुई।
प्रतियोगिता का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर एवं पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि विनोद कुमार जोशी, अपर उपजिलाधिकारी सदर, गाजीपुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आशीर्वाद दिया।प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। बालक वर्ग में राहुल कुमार ने प्रथम, मुलायम यादव ने द्वितीय, दीपक यादव ने तृतीय, अजीत यादव ने चतुर्थ, निशान्त ने पंचम एवं निखिल शर्मा ने षष्ठ स्थान प्राप्त किया।बालिका वर्ग में दुर्गावती कुमारी प्रथम, खुशबू बिंद द्वितीय, अनुश्का यादव तृतीय, राधा चतुर्थ, रिद्धा यादव पंचम तथा आस्था कुमारी षष्ठ स्थान पर रहीं। कार्यक्रम में श्री योगेन्द्र कुमार, मो. मोईन, राधेश्याम सिंह यादव, विनोद कुमार जायसवाल, बृजेश कुमार, योगेन्द्र सिंह, प्रेमचंद यादव, विजय, जैनेन्द्र कुमार, करण कुमार सहित जिला खेल कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।