गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर परिसर में इस वर्ष भी 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के अपर महाधिवक्ता अजित कुमार सिंह रहे। कुशलपाल श्रोताशाला में मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान एवं देशभक्ति नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस अवसर पर संगीत विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने वातावरण को भावुक एवं ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नेवल एवं आर्मी विंग के एनसीसी कैडेट्स की अनुशासित परेड रही। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली तथा कैडेट्स के अनुशासन और समर्पण की सराहना की।
समारोह के दौरान हाल के दिनों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. आलोक रंजन श्रीवास्तव, डॉ. शैलेन्द्र सिंह, डॉ. इन्दीवर रत्न पाठक, प्रो. रविशंकर सिंह, प्रो. जी. सिंह, प्रो. संजय चतुर्वेदी, डॉ. प्रतिमा सिंह, डॉ. मनोज कुमार मिश्र, डॉ. अतुल कुमार सिंह, श्री अशोक कुमार सिंह एवं श्री शिवम शर्मा शामिल रहे। इसके अतिरिक्त रोवर्स एवं रेंजर्स के राष्ट्रीय जम्बूरी चैम्पियनशिप में विजेता टीम के सदस्यों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि अजित कुमार सिंह ने अपने संबोधन में गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का बोध भी कराता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रो. डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर अर्थव्यवस्था एवं तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से तकनीक का सकारात्मक उपयोग कर अध्ययन को सुदृढ़ बनाने तथा देश को मजबूत करने में योगदान देने की अपील की। देशभक्ति गीतों, सम्मान समारोह एवं प्रेरक संदेशों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।