गाजीपुर। गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन रिजर्व पुलिस लाइन ग्राउंड में भव्य एवं गरिमामय ढंग से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंचायती राज मंत्री एवं अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार ओम प्रकाश राजभर के आगमन पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली।परेड में शामिल विभिन्न टोलियों ने मुख्य मंच के समक्ष मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने परेड की कमान संभाल रहे प्रथम, द्वितीय एवं अन्य सभी टोलियों के कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम उन वीर सपूतों को नमन करते हैं जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को स्वतंत्रता दिलाई, जिसके कारण आज हम गणतंत्र दिवस मना पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू हुआ, जिसने देश को समानता, शिक्षा और विकास का मार्ग दिखाया। उन्होंने बताया कि आज संविधान की बदौलत गांव-गांव में शिक्षा का प्रसार हुआ है और बेटियां एवं युवा उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि ने कहा कि चाहे सीमा पर तैनात सैनिक हों, पुलिसकर्मी, पत्रकार, किसान या युवा—सभी भारतीय संविधान के तहत ही प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं। इसके उपरांत उन्होंने सराहनीय सेवा मेडल प्रदान कर जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनकी मुख्य अतिथि ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में आगंतुकों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र पाण्डेय, विधायक जखनियां बेदी राम, विधायक सदर जैकिशन साहू, अपर जिलाधिकारी (वि०रा०) दिनेश कुमार सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी, नागरिक पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।