जमानिया। नगर पालिका परिषद परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके बताए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव नसीम अख्तर ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं और समाज को सही दिशा देने में सक्षम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में कुछ लोग गांधी के विचारों को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनके सिद्धांत सदैव मार्गदर्शक रहेंगे। ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद कुमार मौर्य ने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए गांधी जी के सिद्धांतों का अनुसरण आवश्यक है। उन्होंने बापू के बलिदान को याद करते हुए समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया। श्रद्धांजलि सभा में जिला सचिव सैय्यद फैजान अख्तर, जिशान जलाली, तसव्वर अंसारी, कुंदन खरवार, युसुफ बशर, विद्याशंकर कुशवाहा, जैद, इजमामुल हक, निजामुद्दीन, खुर्शीद सहित अनेक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने गांधी जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।