गाजीपुर। स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने खड़े होकर राष्ट्र के वीर बलिदानियों को नमन किया और उनके त्याग एवं बलिदान को स्मरण किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि देश की आजादी और लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव शहीदों के अद्वितीय साहस और बलिदान पर टिकी है। उनका जीवन हम सभी को राष्ट्रहित, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करें, यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, डिप्टी कलेक्टर मनोज पाठक सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम शांत और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जहां सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।