जमानिया। नगर के चौधरी मोहल्ले में घरेलू सामान खरीदने निकले एक युवक पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक की आंख और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। चौधरी मोहल्ला निवासी सूरज चौधरी पुत्र त्रिलोकी नाथ चौधरी बाजार में सामान खरीद रहे थे। उनके अनुसार उसी दौरान मोहल्ले के ही राजा और किशुन पुत्र राजेश वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि दोनों भाइयों ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से सूरज के चेहरे पर कई वार किए, जिससे उनकी आंख और गाल पर गंभीर चोटें आ गईं और वह गिर पड़े। पीड़ित का कहना है कि हमले के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।प्रभारी निरीक्षक राम सरन नागर ने बताया कि पीड़ित की लिखित तहरीर पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।