जमानिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग छात्रा के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और छात्रा की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत में पिता ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री, जो कक्षा 9 की छात्रा है, को गांव का ही एक युवक ट्यूशन पढ़ाता था। आरोप है कि उसी भरोसे का फायदा उठाते हुए युवक शनिवार देर रात उसे अपने साथ ले गया। परिजनों के अनुसार आरोपी से फोन पर संपर्क तो हो पा रहा है, लेकिन वह छात्रा के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा। परिवार ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से बेटी को जल्द सुरक्षित बरामद करने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच एक उपनिरीक्षक को सौंपी गई है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश देने के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। पुलिस के अनुसार छात्रा की सुरक्षित बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।