जमानियाँ (गाजीपुर)। क्षेत्र के उभरते युवा कलाकारों को अब शास्त्रीय संगीत की शिक्षा के लिए बाहर भटकना नहीं पड़ेगा। उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित प्रो किड्स एकेडमी परिसर में शुक्रवार को स्वर साधना केन्द्र का शुभारम्भ फीता काटकर तथा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
केंद्र के संचालकों का कहना है कि इसके शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली कलाकारों को सीखने, अभ्यास करने और प्रस्तुति देने का सशक्त मंच मिलेगा। इससे प्रशिक्षित कलाकार आगे चलकर क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन कर सकेंगे। शिक्षक वरुण दूबे ने बताया कि यहां हिन्दुस्तानी शास्त्रीय गायन व वादन की विधिवत शिक्षा अनुभवी संगीतज्ञों द्वारा दी जाएगी। साथ ही सीबीएसई, यूपी बोर्ड तथा टीजीटी और पीजीटी जैसी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी, जिससे विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर अपने भविष्य को संवार सकें। केंद्र पर विशुद्ध भोजपुरी संगीत का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त हारमोनियम, तबला, पियानो, सितार, गिटार, ढोलक, बैंजो और ऑक्टापैड जैसे विभिन्न वाद्य यंत्रों का अभ्यास कराया जाएगा, जिससे प्रदेश की कला और संस्कृति को बढ़ावा मिल सके। इस अवसर पर शिक्षक एस.एन. साहनी, विमलेश कुमार उपाध्याय, गणेश राय, प्रमोद यादव, अनिल निषाद सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।