जमानिया (गाज़ीपुर)। क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तियरी गांव स्थित एक किराना दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तियरी निवासी पीड़ित श्रीनाथ बिन्द ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि 7 फरवरी की रात करीब 12 बजे अज्ञात चोरों ने उनकी किराना दुकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने गल्ले में रखे लगभग 1500 रुपये नकद (नोट व सिक्के), कमला पसंद गुटखा के बंडल, विभिन्न कंपनियों की सिगरेट के पैकेट तथा कुरकुरे चोरी कर लिए थे। पीड़ित ने अपने ही गांव के दो युवकों पर संदेह जताया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। रविवार (08 फरवरी) को उप-निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ नहर पुलिया बुढ़ाडीह के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर सत्येन्द्र राय (27 वर्ष) एवं अशोक वर्मा (22 वर्ष) निवासी ग्राम तियरी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।