ज़मानिया (गाज़ीपुर)। तहसील क्षेत्र के कसेरा पोखरा स्थित सनशाइन पब्लिक स्कूल के कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं के लिए 7 फरवरी 2026 को शाइन रेस्टोरेंट एंड बैंक्वेट लॉन में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने अपने वरिष्ठ विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी।कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। संगीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान जूनियर व सीनियर छात्रों ने विद्यालय जीवन के खट्टे-मीठे अनुभव साझा कर भावनात्मक क्षण उत्पन्न कर दिए।
समारोह के दौरान विज्ञान एवं वाणिज्य (कॉमर्स) विभाग के शिक्षकों ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया। विद्यालय के संस्थापक चेयरमैन श्री सर्वानंद सिंह, अध्यक्ष श्री चन्द्रशेखर सिंह एवं प्रबंधक श्री अमित कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को आशीर्वाद प्रदान किया। प्रधानाचार्य श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह एवं प्राइमरी विंग की प्रभारी श्रीमती पूजा सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे सदैव आत्मविश्वास बनाए रखें और जीवन की चुनौतियों का डटकर सामना करें। उन्होंने छात्रों को तनावमुक्त रहकर लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘मिस्टर फेयरवेल’ एवं ‘मिस फेयरवेल’ की घोषणा रही। छात्र शेख फैजान अली को मिस्टर फेयरवेल तथा छात्रा सृष्टि सिंह को मिस फेयरवेल के खिताब से सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सभी छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम और सुखद भविष्य की कामना की। विदाई के इन भावुक पलों में छात्र और शिक्षक दोनों ही भावनाओं से अभिभूत नजर आए। कार्यक्रम का समापन मधुर स्मृतियों के साथ हुआ।