गाजीपुर। जिला क्रीड़ाधिकारी अरविन्द यादव ने बताया कि जनपद गाजीपुर के गोराबाजार स्थित नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में शीघ्र ही सिंथेटिक हॉकी मैदान (टर्फ) का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर से 1100.48 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन गाजीपुर की पहल पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा हॉकी सिंथेटिक टर्फ का निर्माण कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के माध्यम से कराया जाएगा। सिंथेटिक टर्फ के निर्माण से जनपद के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनके प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार आएगा।जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि नेहरू स्टेडियम के हॉकी खिलाड़ियों द्वारा लंबे समय से सिंथेटिक मैदान की मांग की जा रही थी, जिसे जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के प्रयासों से पूरा कर दिया गया है। यह टर्फ गाजीपुर के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी। इसके साथ ही नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम परिसर में स्थित बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हाल, प्रशासनिक भवन एवं अन्य भवनों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जाएगा। इसके लिए शासन द्वारा 11 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है।