जमानिया (गाजीपुर)| नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 8 स्थित एक इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल में शौचालयों की अत्यंत खराब स्थिति सामने आई है। गंदगी के अंबार के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है, जबकि स्वच्छता को लेकर प्रशासनिक दावों की जमीनी सच्चाई कुछ और ही नजर आ रही है।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूनम मिश्रा के अनुसार, स्कूल की साफ-सफाई नगर पालिका के जिम्मे है, लेकिन कई बार सूचना देने के बावजूद 2–4 महीने में ही कभी-कभार सफाई होती है। हालात बिगड़ने पर विद्यालय को स्वयं खर्च कर सफाई करवानी पड़ती है। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने मामले में जानकारी से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई सूचना नहीं है। विद्यालय जैसी महत्वपूर्ण संस्था में ऐसी अव्यवस्था को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराज़गी है। लोगों का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे पर जिम्मेदार विभागों की चुप्पी गंभीर चिंता का विषय है और जल्द ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।