गाजीपुर| समस्त किसान भाइयों को सूचित किया जाता है कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (SMAM) एवं प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू (CRM) योजना के अंतर्गत दिनांक 25 फरवरी से 04 मार्च, 2026 तक चौथी बार कृषि यंत्रों की बुकिंग प्रारम्भ की जा रही है। जनपद के समस्त विकासखण्डों में अवशेष लक्ष्यों को समाहित करते हुए यह बुकिंग की जाएगी। निर्धारित तिथि 04 मार्च, 2026 तक प्राप्त बुकिंग के उपरांत दिनांक 05 मार्च, 2026 को ऑटो लॉटरी संपन्न की जाएगी। जिन कृषि यंत्रों के लिए लक्ष्य से अधिक किसानों द्वारा आवेदन/बुकिंग की गई है, उन यंत्रों हेतु ई-लॉटरी दिनांक 06 मार्च, 2026 को आयोजित की जाएगी।
ऑटो लॉटरी अथवा ई-लॉटरी में चयनित लाभार्थियों को दिनांक 16 मार्च, 2026 तक या उससे पूर्व विभागीय पोर्टल दर्शन 2.0 एवं यू०पी० यंत्र ट्रैकिंग पोर्टल पर बिल, यंत्र की फोटो एवं अन्य आवश्यक अभिलेख अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके उपरांत दिनांक 17 एवं 18 मार्च, 2026 को अभिलेखों का सत्यापन एवं डी०बी०टी० (Direct Benefit Transfer) की कार्यवाही की जाएगी। उप कृषि निदेशक, गाजीपुर ने जनपद के समस्त कृषकों से अपेक्षा की है कि वे दिनांक 25 फरवरी से 04 मार्च, 2026 तक अपनी आवश्यकता एवं उपलब्ध लक्ष्य के अनुसार समय से बुकिंग सुनिश्चित करें।