जमानिया (गाजीपुर)| कोतवाली क्षेत्र के हमीदपुर गांव में बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे एक वृद्ध की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोप है कि नाती ने ही चापड़ से हमला कर अपने दादा की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हमीदपुर निवासी अवधेश बिन्द (65 वर्ष) अपने घर के पास छत पर राजमिस्त्री का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनके भाई के बेटे का बेटा शिवा बिन्द (23 वर्ष) ने उन पर चापड़ से गर्दन पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। मृतक के तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं, जिनमें पुत्रियों का विवाह हो चुका है। वे अपने पुत्रों के साथ गांव में ही रहते थे। आरोपी की इस हरकत से परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।