जमानिया (गाजीपुर)| कोतवाली क्षेत्र के हमीदपुर गांव में बुधवार को हुई वृद्ध की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार (मछली काटने वाला ‘दाव’) भी बरामद कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमीदपुर गांव निवासी 65 वर्षीय अवधेश बिंद बुधवार प्रातः लगभग 9:30 बजे अपने घर के समीप एक छत पर राजमिस्त्री का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान रिश्ते में पोते लगने वाले 22 वर्षीय शिव बिंद (पुत्र कुंदन बिंद) ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गर्दन पर गंभीर वार होने से अवधेश बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना से मृतक के परिजनों में शोक एवं आक्रोश का माहौल है। मृतक अपने पीछे तीन पुत्र एवं तीन पुत्रियां छोड़ गए हैं। पुत्रियां विवाहित हैं, जबकि पुत्र उनके साथ ही निवास करते हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक भूपेश चंद्र कुशवाहा ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर आरोपी शिव बिंद (निवासी हेतिमपुर डेरा/हमीदपुर) को पांडेय मोड़ के पास से विधिवत गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस द्वारा प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।