जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के चकमेदनी नं. 1 गांव में खेत से जबरन सरसों की फसल काटने का विरोध करने पर एक किसान के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चकमेदनी नं. 1 निवासी अजय प्रकाश यादव पुत्र राजनारायण यादव ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि गंगबरार चकमेदनी मौजा में उनका और उनके पट्टीदारों का लगभग 22 बीघा खेत है, जिसे वे वर्षों से जोतते-बोते आ रहे हैं। इस वर्ष भी उन्होंने खेत में सरसों की फसल बोई थी।
आरोप है कि 25 फरवरी की दोपहर लगभग 2 बजे गांव के ही श्रवण कुमार, राजू, जगराम एवं विजय कांत खेत में घुसकर जबरन खड़ी फसल काटने लगे। जब अजय प्रकाश ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। शोर सुनकर गांव के अशोक और केदार ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया। इस संबंध में उत्तर प्रदेश पुलिस के स्थानीय प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।