जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के खाँवपुरा गांव में पुरानी रंजिश और बच्चों के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक घर पर हमला कर दंपत्ति को बेरहमी से पीट दिया। हमलावरों ने ईंट मारकर घर का मुख्य गेट भी तोड़ दिया। घायल व्यक्ति का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।पीड़िता मीरा देवी, पत्नी लक्ष्मण सिंह यादव, निवासी खाँवपुरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 4 मार्च की शाम करीब 7 बजे गांव के ही विश्वजीत, मनीष देव, कृष्णदेव (तीनों पुत्र संजय यादव) और कृष्णकान्त यादव (पुत्र त्रिवेणी यादव) उनके घर पहुंच गए।
आरोप है कि चारों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मीरा देवी और उनके पति लक्ष्मण सिंह यादव पर हमला कर दिया। दबंगई दिखाते हुए आरोपियों ने ईंटों से प्रहार कर घर का मुख्य गेट भी तोड़ दिया। हमले में लक्ष्मण सिंह यादव को गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल गाजीपुर ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना से डरी सहमी पीड़िता ने 6 मार्च को कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।