जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के करमहरी पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार की दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में बिहार के दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दूसरी बाइक का चालक भी घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार कैमूर (भभुआ), बिहार के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित महुअर गांव निवासी सूबेदार राम ने कोतवाली जमानिया में तहरीर दी कि उनका छोटा भाई पप्पू राम अपने दोस्त निरंजन कुमार राम (निवासी किशुनपुरा, रामगढ़) के साथ शुक्रवार की दोपहर करीब 3:30 बजे पल्सर मोटरसाइकिल से दिलदारनगर की ओर से आ रहे थे।
जैसे ही दोनों करमहरी पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी करमहरी की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से अपाचे मोटरसाइकिल चला रहे एक युवक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पल्सर सवार पप्पू राम और निरंजन कुमार राम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दोनों मोटरसाइकिलें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। तहरीर में बताया गया है कि घटना के बाद स्थानीय लोगों से जानकारी करने पर पता चला कि अपाचे मोटरसाइकिल करमहरी गांव निवासी गौरी शंकर चौधरी का पुत्र चला रहा था। इस हादसे में वह भी घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि मृतक पप्पू राम के बड़े भाई सूबेदार राम की लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी अपाचे चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।