गाजीपुर। जनपद के किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी देने के उद्देश्य से एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत दो दिवसीय किसान गोष्ठी, मेला और सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 10 और 11 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे से जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित राजकीय अलंकृत उद्यान एवं पार्क, गाजीपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में बागवानी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी। इसमें नवीन उद्यान रोपण, शाकभाजी की खेती, मसाला फसल (लहसुन और प्याज), मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन तथा बागवानी में मशीनीकरण जैसे विषय शामिल होंगे।
किसान गोष्ठी में कृषि विज्ञान केंद्रों के वरिष्ठ वैज्ञानिक, भारतीय सब्जी अनुसंधान केंद्र वाराणसी, बीएचयू के उद्यान विज्ञान विशेषज्ञ तथा जनपद के प्रगतिशील किसान आधुनिक तकनीक, जैविक खेती और रोगमुक्त फसल उत्पादन के बारे में व्याख्यान और चर्चा करेंगे। कार्यक्रम के दौरान किसानों को आधुनिक उपकरणों और नई तकनीकों की जानकारी भी स्टॉल के माध्यम से दी जाएगी, जिससे वे अपनी खेती को अधिक लाभकारी बना सकें।जिला उद्यान अधिकारी ने जनपद के सभी किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस किसान गोष्ठी और मेले में भाग लेकर विशेषज्ञों के अनुभव और सुझावों का लाभ उठाएं तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाएं।