गाजीपुर। सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ लगने लगी है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई आधिकारिक सूचना नहीं है और जनपद में पेट्रोल, डीजल तथा घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है।
जिला पूर्ति अधिकारी अनन्न प्रताप सिंह ने बताया कि कुछ लोग अनावश्यक रूप से जरीकेन, गैलन और ड्रम में पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं तथा गैस सिलेंडर का भी संग्रह कर रहे हैं। साथ ही कुछ स्थानों पर निजी व्यक्तियों द्वारा अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से ईंधन का अवैध भंडारण करने की जानकारी भी मिली है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित कराई जा रही है। वर्तमान में जनपद के सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और कीमत बढ़ने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसी मालिकों को निर्देश दिया है कि वे नियमों के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की आपूर्ति करें तथा किसी भी व्यक्ति को थोक में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति न करें। घरेलू गैस सिलेंडर केवल संबंधित उपभोक्ताओं को ही दिया जाए।उन्होंने बताया कि पूर्ति निरीक्षक और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी लगातार क्षेत्र में निगरानी करेंगे। यदि कहीं पर पेट्रोल-डीजल या गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण अथवा कालाबाजारी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।