जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के महेवा गांव में अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को प्रताड़ित करने, जान से मारने की धमकी देने और बीच-बचाव करने पहुंचे उसके चाचा को मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर पति, सास, ननद सहित छह ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहसील क्षेत्र के जोगियामार गांव निवासी सिपाही राम (पुत्र हरि नारायण) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री ममता की शादी 10 जून 2025 को महेवा गांव निवासी अजित कुमार (पुत्र स्व. सुदामा राम) के साथ की थी। शादी में उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार 25 हजार रुपये नकद और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी दी थी।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। वे ममता से 50 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी और सिकरी की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे घर से निकालने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता के पिता के अनुसार उन्होंने कई बार ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। आरोप है कि 2 और 3 मार्च 2026 को ससुरालियों ने ममता के साथ फिर मारपीट की। जब लड़की के चाचा बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और उनका सिर फोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची थी, जिसके बाद मामला थाने तक पहुंचा। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर पति अजित कुमार, सास सुमित्रा देवी, भैसूर प्रदीप और उसकी पत्नी कविता, ननद अनिता तथा देवर/जेठ मिथिलेश (सभी निवासी महेवा) के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति सहित छह ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।